बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 2 जुलाई। शहर के धरमपुरा स्थित विशाल मेगामार्ट में बीती रात को पार्किंग की बात को लेकर एक युवक ने बुजुर्ग सुरक्षाकर्मी को घसीट घसीटकर मारा। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। वहीं इस घटना के बाद बुजुर्ग की बेटी अपराध दर्ज कराने की बात कह रही है।
बीती रात को विशाल मेगामार्ट में लोगों का आना जाना लगा हुआ था। वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मी के द्वारा वाहनों को सही तरीके से वाहन लगाने की हिदायत भी दिया जा रहा था। इसी दौरान एक कार विशाल मेगामार्ट में आ पहुँची। जहाँ सुरक्षाकर्मी के द्वारा वाहन को साइट लगाने की बात को लेकर कार चालक ने गाड़ी से उतरते ही बुजुर्ग सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
युवक ने बुजुर्ग को एक स्थान से दूसरे स्थान तक घसीट घसीट कर मारपीट करने लगा। वही इस दौरान वहां मौजूद युवकों ने उसे बचाने के लिए कोशिश भी की। इस दौरान यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। फिलहाल रात को ही बुजुर्ग अपने साथ हुए मारपीट को लेकर बोधघाट थाने में दर्ज कराने के लिए गए हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।