बस्तर
समाज को संगठित करने पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 जून। आदिवासी ध्रुव गोंड समाज की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन पथरागुड़ा स्थित साहू समाज भवन में किया गया। इस बैठक के दौरान गोंडवाना की वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस को श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
समाज के नागरिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए वीरगति प्राप्त करने वाली महारानी दुर्गावती की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज की एक बालिका को रानी दुर्गावती की पारंपरिक वेशभूषा में भी प्रदर्शित किया गया।
सामाजिक सशक्तिकरण पर विचार-विमर्श
मासिक समीक्षा बैठक में जगदलपुर परिक्षेत्र के सगा समाज के पदाधिकारी और नागरिक एकत्रित हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़, सशक्त और संगठित करना था। इस दौरान समाज की उन्नति, शिक्षा और सांगठनिक विस्तार को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस आयोजन में ध्रुव गोंड समाज के कई संभागीय और स्थानीय पदाधिकारी सम्मिलित हुए, जिनमें मुख्य रूप से संभागीय महासचिव लिलेश्वर ध्रुव, परिक्षेत्र अध्यक्ष अशोक मंडावी, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश ध्रुव और मीडिया प्रभारी रामनारायण ध्रुव, महिला अध्यक्ष दयावती ध्रुव, राधा ध्रुव, नीलम ध्रुव, अनीता ध्रुव, सुरुज नेताम, देवकुंवर ध्रुव, इंदिरा नेताम और बोधनी बाई, वेद प्रकाश ध्रुव, घनश्याम ध्रुव मरकाम, नीलकंठ ध्रुव और खुशी राम ध्रुव सहित जगदलपुर परिक्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए समाज के अन्य गणमान्य नागरिक और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।