बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 28 जून। रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पूरे बस्तर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पोलियो बूथों में दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाई गई। इस दौरान गली गली में स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान बच्चों को दवा पिलाने के साथ ही उन्हें कर्मचारियों के द्वारा चॉकलेट भी वितरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने बताया कि बस्तर जिले में इस बार 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के कुल 1,20,804 बच्चों को जीवन रक्षक पोलियो की दवा पिलाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सुरक्षा के इस महाअभियान के तहत प्रथम दिन सभी निर्धारित बूथों पर दवा पिलाई जाएगी, जिसके बाद आगामी 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी।
बस्तर जिले का पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि रहा है, जहाँ वर्ष 1996 से अब तक पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ राज्य में वर्ष 2002 से और संपूर्ण भारतवर्ष में वर्ष 2011 से पोलियो का कोई भी पॉजिटिव प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है और इस गौरवशाली निरंतरता को बनाए रखना ही इस अभियान का मुख्य ध्येय है।
प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण इलाकों सहित अंदरूनी क्षेत्रों के लिए विशेष रणनीति तैयार की है।
जिसके तहत जगदलपुर शहरी क्षेत्र में अकेले 72 बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बाजार, मेले, मड़ई, उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों ईंट भ_ा, भवन निर्माण स्थलों, घुमंतू बस्तियों, बस स्टैंड तथा रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले बच्चों के लिए 20 मोबाइल और 24 ट्रांजिस्ट टीमों के साथ 1,932 टीकाकरण कर्मी और 97 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि देश में भले ही पोलियो का कोई मामला नहीं है, किंतु पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के पॉजिटिव केस पाए जा रहे हैं, जिससे देश में संक्रमण फैलने का खतरा हमेशा बना रहता है। अत: पर्यावरण में मौजूद वाइल्ड पोलियो वायरस को पूरी तरह निष्क्रिय करने और हर्ड इम्युनिटी को मजबूत करने के लिए बच्चों को प्रथम दिन ही लक्षित आयु वर्ग के हर बच्चे को पोलियो बूथ पर लाकर दवा पिलाना सबसे प्रभावशाली माध्यम है। इसमें हम सभी लोगों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।