बस्तर

शिक्षक खुदकुशी: नोटिस चस्पा, कुर्की की चेतावनी के बाद भी आरोपी फरार
24-Jun-2026 4:04 PM
शिक्षक खुदकुशी: नोटिस चस्पा, कुर्की की  चेतावनी के बाद भी आरोपी फरार

तेलंगा-तेलगा समाज ने दी आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 24 जून। प्राथमिक शाला मंजारपारा पालनार के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की आत्महत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर तेलंगा एवं तेलगा समाज समिति ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर चिंता व्यक्त की है। समिति ने आरोप लगाया कि घटना के कई महीने बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों छविनाथ डोंगरे (सहायक कार्यक्रम समन्वयक) और शैलेष वासम (तकनीकी सहायक) खुलेआम घूम रहे हैं और वे अपने परिवार तथा कार्यालय से संपर्क में हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन उनकी गिरफ्तारी में विफल रहे हैं।

समिति ने कहा कि पहले भी कई बार ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई, परंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ नोटिस चस्पा करने और निर्धारित समय में अनुपस्थित रहने पर संपत्ति कुर्की की चेतावनी देने की खबरें आई थीं, फिर भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई। इससे अपराधियों को छुटकारा पाने जैसी धारणा समाज में फैल रही है और शासन-प्रशासन पर लोगों का विश्वास झकझोर रहा है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपी लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित हैं, पर विभागीय स्तर पर सेवा समाप्ति या अन्य विभागीय कार्रवाई नहीं की गई। समिति ने छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र का भी हवाला दिया जिसमें अनाधिकृत अनुपस्थिति की स्थिति में विभागीय जांच कर सेवा समाप्ति जैसे कदम उठाने का प्रावधान है। इसके बावजूद कार्रवाई न होने पर समिति ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

तेलंगा समाज समिति ने कलेक्टर से मांग की है कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा शासन के नियमों के अनुसार विभागीय जांच कर सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू की जाए।  ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की मानी जाएगी।  इस मामले में बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने बताया कि आज आवेदन मिला है। इस पर हम नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। समय सीमा की बैठक में इस मामले को रखा है।


अन्य पोस्ट