बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 22 जून। लोहण्डीगुड़ा विकासखंड के माध्यमिक शाला उसरी बेड़ा में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नवप्रवेशी बच्चों को विद्यालय परिवार से जोडऩे के उद्देश्य से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं विधायक विनायक गोयल शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। पहली बार स्कूल पहुंचे बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा बच्चों के जीवन को नई दिशा देने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही मजबूत और विकसित राष्ट्र की नींव रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने प्रेरित किया।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार और शिक्षा विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चे अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। बच्चों ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश भी प्रस्तुत किए।
शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, पेन एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बताया कि शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा से जोडऩा, विद्यालय के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना और ड्रॉपआउट दर को कम करना है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और नियमित अध्ययन की भावना को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप सहित सावेन्द्र सेठिया, चन्द्रशेखर ठाकुर, शिवनंदन पेगड़, भरत कश्यप, लखन ठाकुर, अजय बघेल, घनश्याम ठाकुर, तरूण पानीग्राही, जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।