बस्तर
केसीसी लोन में हेराफेरी कर अपने खाते में पहुंचाई थी रकम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 22 जून। थाना नगरनार पुलिस ने अशिक्षित किसान के साथ बैंक लोन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी ने किसान के नाम से 10 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत करवाकर उसे केवल 1.50 लाख रुपये का लोन होने की जानकारी दी और शेष 8.50 लाख रुपये की राशि का गबन कर लिया था।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी गणपति बघेल ग्राम कुरंदी जामगुड़ा पारा को बैल खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान उसने गांव के लकी सेठिया से बैंक लोन के संबंध में जानकारी मांगी। आरोपी ने बैंक मैनेजर से पहचान होने का झांसा देकर लोन निकलवाने की बात कही।
आरोपी लकी सेठिया ने 8 सितंबर 2023 को प्रार्थी के दस्तावेज पेन कार्ड, आधार कार्ड और जमीन पट्टा लेकर आईसीआईसीआई बैंक जगदलपुर में खाता खुलवाया तथा चालाकी से अपने मोबाइल नंबर को प्रार्थी के बैंक खाते से लिंक करा दिया। इसके बाद जमीन पट्टा के आधार पर 10 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत करवाया।
आरोपी ने प्रार्थी को बताया कि केवल 1.50 लाख रुपये का लोन पास हुआ है और बैंक से उसे 1 लाख रुपये नगद दिलवाए। दूसरे दिन फिर बैंक ले जाकर 50 हजार रुपये नगद दिलाए। कुछ समय बाद बैंक से नोटिस मिलने पर प्रार्थी को जानकारी हुई कि उसके नाम पर 10 लाख रुपये का लोन लिया गया है और उसकी जमीन नीलाम होने की स्थिति बन गई है। मामले की रिपोर्ट पर थाना नगरनार में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी लकी सेठिया ग्राम कुरंदी जामगुड़ा थाना नगरनार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी के बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक करवाने तथा लोन की शेष राशि 8.50 लाख रुपये फोन-पे और चेकबुक के माध्यम से निकालने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम कार्ड बरामद कर जब्त किया है।