बस्तर

दलपत सागर के जीर्णोद्धार और सफ़ाई कार्यों में देरी, वीड़ हार्वेस्टिंग मशीन से काम शुरू
03-Jun-2026 9:51 PM
 दलपत सागर के जीर्णोद्धार और सफ़ाई कार्यों में देरी, वीड़ हार्वेस्टिंग मशीन से काम शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 3 जून। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के सबसे बड़े तालाब दलपत सागर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण का कार्य वर्तमान में लंबित है। नगर निगम प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए हाल ही में मरम्मत के बाद वीड़ हार्वेस्टिंग मशीन को तालाब में उतारा गया है। आगामी वर्षा ऋतु के आगमन से पहले जलकुंभी और खरपतवार हटाने के लिए इस मशीन के माध्यम से कार्य प्रारंभ किया गया है।

ज्ञात हो कि जल संरक्षण विशेषज्ञ और पॉन्डमैन के नाम से प्रसिद्ध रामवीर तंवर ने जगदलपुर पहुंचकर दलपत सागर का निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण के दौरान तत्कालीन कलेक्टर, महापौर संजय पांडे, नगर निगम के निर्वाचित पार्षद, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आयोजित बैठक में रामवीर तंवर ने तालाब को पारिस्थितिक रूप से स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी व व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी थी।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों के लंबा समय बीत जाने के बाद भी दलपत सागर के व्यापक जीर्णोद्धार कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं देखी गई है। वर्तमान में शुरू की गई मशीनीकृत सफाई के समक्ष मुख्य चुनौती आगामी मानसून की बारिश से पहले तालाब के एक बड़े हिस्से को खरपतवार मुक्त करने की है, ताकि जलस्रोत की स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।


अन्य पोस्ट