बस्तर
जगदलपुर, 1 जून। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने महापौर पर निशाना साधते हुए कहा है कि इंदिरा वार्ड क्रमांक-16 के उपचुनाव के दौरान तरणताल का उद्घाटन केवल चुनावी लाभ लेने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को विकास कार्यों की याद केवल चुनाव के समय ही आती है, जबकि शहर की मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में चौधरी ने कहा कि शहर की जनता लंबे समय से पेयजल संकट, जर्जर सडक़ें, नालियों की सफाई, जलभराव और स्वच्छता जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। इसके बावजूद नगर निगम इन समस्याओं के स्थायी समाधान की बजाय प्रचार और दिखावे की राजनीति को प्राथमिकता दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में विकास की बजाय उद्घाटन और शिलान्यास की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे और आकर्षक घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है। बढ़ती महंगाई के कारण गरीब, मध्यमवर्गीय और मजदूर वर्ग के परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
राजेश चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं का लाभ लेने के लिए बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को बार-बार कार्यालयों और बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। केवाईसी और फिंगरप्रिंट सत्यापन जैसी प्रक्रियाओं के नाम पर लोगों को लंबी कतारों में खड़ा रहने के लिए मजबूर किया जाता है, जो सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यदि महापौर और नगर निगम वास्तव में जनता के हित में काम करना चाहते हैं तो उन्हें चुनावी कार्यक्रमों और प्रचार आधारित राजनीति से ऊपर उठकर शहर के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक योजना बनानी चाहिए। नगर निगम को नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, पेयजल संकट के समाधान, यातायात प्रबंधन और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
अंत में चौधरी ने कहा कि जनता अब केवल उद्घाटन और घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी। नागरिक ठोस विकास, जवाबदेही और जनसमस्याओं के स्थायी समाधान चाहते हैं तथा आने वाले समय में अपने अनुभवों के आधार पर लोकतांत्रिक तरीके से उचित निर्णय लेने में सक्षम हैं।


