बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 मई। बस्तर पुलिस ने ग्राम बालेंगा के साप्ताहिक मुर्गा बाजार में छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से खुडख़ुड़ी जुआ खिलाने की सामग्री तथा 48,150 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना बस्तर क्षेत्र के ग्राम बालेंगा स्थित साप्ताहिक मुर्गा बाजार में कुछ लोगों द्वारा रुपये-पैसों का दांव लगाकर खुडख़ुड़ी जुआ खिलाने की लगातार शिकायत मिल रही थी। इस पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के नेतृत्व में थाना बस्तर एवं साइबर क्राइम टीम की संयुक्त टीम गठित कर शुक्रवार को कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने बाजार स्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे कई लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डमरू सेठिया निवासी भोण्ड बड़ेपारा थाना बस्तर, महेन्द्र बघेल उर्फ बिल्लू निवासी भाटीपारा बस्तर तथा खीरकुमार नाग निवासी एर्राकोट नयापारा थाना परपा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से खुडख़ुड़ी जुआ संचालन में प्रयुक्त सामग्री और 48,150 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


