बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 मई। सुशासन तिहार के तहत जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत नानगुर मंडल के ग्राम गुमलवाड़ा में शुक्रवार को सुशासन तिहार का आयोजन किया गया। सुशासन तिहार शिविर में विधायक किरण देव शामिल होकर शिविर में शामिल ग्रामीणजनों से उनके समास्याओं से अवगत होकर तत्काल समस्याओं का समाधान करने शिविर में शामिल अधिकारियों को निर्देश दिया। सुशासन तिहार शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक ग्रामवासियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
विधायक किरण देव ने सुशासन तिहार शिविर में संबोधित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की जबावदारी है, साथ ही जन मानस की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए। श्री देव ने कहा राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाएं एवं किसान हित में लगातार कार्य कर रही है। जिससे क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित किया जाए। गुमलवाड़ा में आयोजित शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन पत्र दिए गए,जिन पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई शुरू की गयी। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण किया और शेष आवेदनों को समयबद्ध निपटारे हेतु आश्वस्त किया। श्री देव ने कहा सुशासन तिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है जिसके माध्यम से विभिन्न विभाग सीधें जनता के बीच पहुंचकर अपनी योजनाओं, कार्यो की जानकारी देते है और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं।
सुशासन तिहार के तहत गुमलवाड़ा पहुंचे विधायक किरण देव का ग्रामवासियों ने धुरवा नाचा व पारंपरिक रूप से जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। सुशासन तिहार कार्यक्रम में जगदलपुर विधानसभा के ग्राम गुमलवाड़ा में आयोजन किया गया। गुमलवाड़ा में आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविर में 23 ग्राम पंचायतों के क्षेत्रवासी शामिल हुयें। शिविर में 32 विभागों का स्टाल लगाए गए। शिविर में लगे स्टालों का विधायक श्री देव एवं जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण कर वहां उपस्थित जनसमूह से सीधे संवाद भी किया। इस दौरान गोदभराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम भी कराया गया। सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्रियां वितरण किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों को चाबी सौंपी गई। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच, गणमान्य जन प्रतिनिधि, जनपद सीईओ अमित भाटिया एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


