बस्तर
कांकेर के जंगल से बरामद हुई गाड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 मई। बस्तर पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जगदलपुर की पार्किंग से चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बुलेट बाइक भी बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जगदलपुर की पार्किंग से रॉयल एनफील्ड बुलेट क्रमांक ओडी 07 टी 0494 चोरी हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र एवं शहर के विभिन्न स्थानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान सुशील नायक निवासी कांकेर के रूप में हुई। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी, जो अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था।
आखिरकार 27 मई को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई बुलेट बाइक कांकेर जिले के उसके गांव के पास घने जंगल से बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


