बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 28 मई। लोहण्डीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पारापुर में गुरुवार को सुशासन तिहार का भव्य एवं जनहितकारी आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से सभी विभागों के अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल रहे। उनके द्वारा विभिन्न विभागों के कुल 33 करोड़ 77 लाख 49 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन विकास कार्यों में सडक़, भवन, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। विधायक विनायक गोयल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। वन विभाग द्वारा वन भूमि पट्टा वितरण किया गया, वहीं मत्स्य विभाग द्वारा मछली पकडऩे के जाल, कृषि विभाग द्वारा धान बीज एवं अन्य कृषि सामग्री, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड तथा संबंधित विभागों द्वारा सिंचाई पम्प एवं अन्य आवश्यक सामग्री हितग्राहियों को प्रदान की गई।
ग्रामीणों ने भी मंच के माध्यम से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सुशासन तिहार जैसे आयोजनों से उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो रहा है। कई ग्रामीणों ने कहा कि पहले उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रशासन गांव तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिवानंद पेगड़, जनपद सदस्य तनुजा ठाकुर, मण्डल उपाध्यक्ष नरेश खापड़े, ओमप्रकाश ठाकुर, सुदन ठाकुर, बालसिंह ठाकुर, तुलाराम सेठिया, लखीधर सेठिया, महामंत्री लखन ठाकुर, सीताराम मण्डावी, सावेन्द्र सेठिया, कमलु करटाम, रूपाराम मुचाकी, तरुण पानीग्राही, तुलु राम कश्यप, मनीष पोयाम, कलम सिंह एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


