बस्तर

महेंद्र कर्मा की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि
25-May-2026 10:56 PM
महेंद्र कर्मा की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि

 झीरम मेमोरियल पहुंच दिवंगत नेताओं और जवानों को किया नमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 मई। महेंद्र कर्मा की पुण्यतिथि पर सोमवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव भवन जगदलपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्व. महेंद्र कर्मा के छत्तीसगढ़, बस्तर और आदिवासी समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं ने झंकार चौक स्थित स्व. महेंद्र कर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात लालबाग स्थित शहीद मेमोरियल एवं दरभा घाट स्थित झीरम मेमोरियल पहुंचकर नंदकुमार पटेल सहित झीरम नक्सल हमले में शहीद हुए अन्य कांग्रेस नेताओं और वीर जवानों को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि झीरम की घटना प्रदेश के इतिहास का एक अत्यंत दुखद अध्याय है, जिसने पूरे समाज को गहरा आघात पहुंचाया। उन्होंने कहा कि स्व. महेंद्र कर्मा ने आदिवासी समाज, क्षेत्रीय विकास और जनहित के मुद्दों को हमेशा प्रमुखता से उठाया, वहीं स्व. नंदकुमार पटेल ने संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि शहीद नेताओं का संघर्ष, समर्पण और जनहित के प्रति सोच आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत है।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि झीरम घाटी की घटना प्रदेश और देश के इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक रही है, जिसमें कई जनप्रिय नेताओं और सुरक्षा बलों के जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके त्याग और जनसेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

पूर्व महापौर जतिन जायसवाल ने कहा कि झीरम घाटी में शहीद हुए सभी नेताओं और जवानों का बलिदान लोकतंत्र, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके विचार और संघर्ष सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि झीरम की घटना लोकतंत्र पर कायरतापूर्ण हमला थी। कांग्रेस परिवार शहीद नेताओं के आदर्शों पर चलते हुए जनता की सेवा और प्रदेश के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, अनवर खान, हेमू उपाध्याय, अपर्णा बाजपेयी, संजीव शर्मा, गौरनाथ नाग, सूरज कश्यप, कौशल नागवंशी, अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी, जाहिद हुसैन, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, महादेव नाग, रविशंकर तिवारी, वेंकट राव, लता निषाद, चंपा ठाकुर, एस नीला, विजेंद्र ठाकुर, प्रशांत जैन, ललिता राव, मोहसिन खान, पार्षद शुभम यदू, कमलेश पाठक, आभाष महंती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट