बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 मई। भीषण गर्मी के बीच, पॉलिटेक्निक कॉलेज धरमपुरा में छात्र-छात्राओं के लिए आपदा प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षा और बचाव के प्रति जागरूक करना था।
नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने छात्र-छात्राओं को आग लगने के कारणों और आग के विभिन्न प्रकारों के बारे में विस्तार से समझाया। आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय, किस तरह शांति और सूझबूझ से आग पर काबू पाया जाए, इसका डेमो दिया गया। आग बुझाने के लिए जरूरी उपकरणों (जैसे अग्निशमन यंत्र) का सही उपयोग कैसे किया जाए, इसकी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
छात्राओं ने केवल जानकारी ही नहीं ली, बल्कि खुद भी लाइव मॉक ड्रिल में हिस्सा लिया और आग बुझाने का अभ्यास किया। इस आयोजन का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य संजय त्रिवेदी के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण के बाद छात्राओं का कहना था कि वे अब किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए खुद को अधिक सक्षम महसूस कर रही हैं और जरूरत पडऩे पर दूसरों की जान बचाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
इस कार्यक्रम में नगर सेना सेनानी संतोष मार्बल, कॉलेज के शिक्षक, एनएसएस (हृस्स्) के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


