बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 17 मई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बैठक को वर्चुअल माध्यम से भी आयोजित किया जा सकता था।
दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की जा रही है, जबकि दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि विशेष विमानों से बैठक में शामिल होने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों के सचिवालय और गृह मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर में मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक आयोजित करना भारतीय जनता पार्टी का ‘राजनीतिक प्रचार’ है। बैज ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने नक्सलवाद समाप्त होने के दावे किए थे, लेकिन हाल ही में कांकेर में सुरक्षा बलों के जवानों की मौत की घटना सामने आई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार बस्तर में औद्योगिक और कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से बस्तर क्षेत्र के विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए विशेष पैकेज की मांग की।
दीपक बैज ने पेट्रोल-डीजल और महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की अपीलों के बाद लोगों में ईंधन की कमी को लेकर चिंता बढ़ी है और कई स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखी गई। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं और खाद्य सामग्री की कीमतों में भी वृद्धि हुई है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से बस्तर क्षेत्र के विकास और ईंधन संकट से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।


