बस्तर

अवैध रेत परिवहन, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
17-May-2026 4:39 PM
अवैध रेत परिवहन, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
जगदलपुर, 17 मई।
बस्तर जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जिला खनिज जांच दल ने ग्राम बड़ेआमाबाल के हल्दीमारी और पालबहार क्षेत्र में निरीक्षण किया। खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में शनिवार को यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम ने गौण खनिज रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। विभाग के अनुसार, मौके से अवैध खनन में उपयोग की जाने वाली सामग्री भी बरामद की गई, जिसमें 15 रापा और 13 तगाड़ी शामिल हैं।
जांच दल के अनुसार, दोनों ट्रैक्टर बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन कर रहे थे। वाहनों को रेत सहित जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। कार्रवाई में जिला खनिज जांच दल के प्रभारी एवं खनिज निरीक्षक अंकित पुरी तथा खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे शामिल रहे।
प्रशासन ने बताया कि संबंधित मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बिना अभिवहन पास के खनिज परिवहन को दंडनीय माना गया है और नियमों के उल्लंघन पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन के अनुसार, जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए जांच अभियान आगे भी चलाया जाएगा।


अन्य पोस्ट