बस्तर

12 किलो गांजा संग राजस्थान का युवक गिरफ्तार
15-May-2026 10:16 PM
12 किलो गांजा संग राजस्थान का युवक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर,  15 मई। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 12.310 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जप्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश मेघवाल (20 वर्ष)राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर राजस्थान ले जाने की फिराक में था।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में नगरनार थाना क्षेत्र में लगातार गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति धनपुंजी आरटीओ नाका एनएच-63 के पास सफेद बोरी में अवैध गांजा रखकर वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से तीन पैकेटों में भरा कुल 12.310 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही आरोपी के पास से 2350 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट