बस्तर

जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड ने बनाया बंधक-आम मुस्लिम समाज
15-May-2026 4:38 PM
जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड ने बनाया बंधक-आम मुस्लिम समाज

3 महिने में अंजुमन के चुनाव कराने के नाम पर

लिया चार्ज, 17 माह हो गए नहीं हुआ चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 15 मई। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के चुनाव की मांग को लेकर आम मुस्लिम समाज के लोगों ने गुरुवार को पत्रकार भवन में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से वक्फ बोर्ड को अंजुमन इस्लामिया कमेटी का चुनाव कराने आदेशित करने की मांग की।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल ने प्रेस वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के द्वारा जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के निष्पक्ष चुनाव हेतु आज से 17 महिने पहले एक चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया थ, जिसके माध्यम से 3 माह में चुनाव करा कर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के गठन हेतु निर्देशित किया गया था, परंतु नगर पालिका निगम चुनाव की आचार-संहिता लागू होने एवं ईद उल फितर के मद्देनजर उक्त चुनाव संचालन समिति को 3 माह और मोहलत वक्फ बोर्ड द्वारा दी गई। जिसके उपरांत वक्फ बोर्ड द्वारा उक्त चुनाव संचालन समिति को एड्हाक कमेटी का दर्जा देकर जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के संचालन हेतु मनोनीत कर दिया गया। जिसके बाद से आज दिनांक तक जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी का संचालन एड्हाक कमेटी कर रही है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल ने सीधा वक्फ बोर्ड पर आरोप लगाते हुए कहा कि जगदलपुर की जमात को चुनाव संचालन समिति के नाम पर गुमराह कर वक्फ बोर्ड के द्वारा एड्हाक (प्रशासनिक)कमेटी को बैठा दिया गया है और एक तरह से पिछले 17 माह से जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड के द्वारा बंधक बना कर रखा गया है तथा समाज द्वारा चुनाव कराने की मांग पर पूरी तरह से खामोशी इख्तियार कर ली गई है। समाज के प्रतिनिधि मंडल के द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड के बंधन से छुड़ाने और जल्द से जल्द निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की गई है तथा आगामी बस्तर दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आने पर उन्हें चुनाव हेतु ज्ञापन तथा वक्फ बोर्ड की कार्यशैली के खिलाफ शिकायत करने की भी बात कही गई है।

प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से समाज की ओर से जियाउल हक,असद रजा,शेख शाहिद अली,एस के हसन राजा,जावेद खान,समीर खान और सद्दाम रजा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट