बस्तर
जगदलपुर, 8 मई। शहर के पंचपथ चौक स्थित इंदिरा वचनालाय में पिछले कई दिनों से अखबारों की आपूर्ति बंद हो गई है। बताया जा रहा है कि अखबार वितरण करने वाले एजेंसी संचालकों को पिछले 2 से 3 वर्षों से भुगतान नहीं किया गया है, जिसके चलते उन्होंने अखबार भेजना बंद कर दिया है। अखबार एजेंसी संचालकों का कहना है कि वाचनालय में अखबार उपलब्ध कराने का भुगतान नगर निगम द्वारा किया जाना है, लेकिन निगम अधिकारियों की ओर से लंबे समय से केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है। भुगतान नहीं मिलने के कारण एजेंसियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पाठकों एवं नियमित रूप से वाचनालय आने वाले लोगों ने बताया कि अखबार बंद होने से उन्हें देश-दुनिया और स्थानीय खबरों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को इससे परेशानी हो रही है।
एजेंसी संचालकों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से भुगतान की मांग की गई, लेकिन अब तक राशि जारी नहीं की गई है। ऐसे में मजबूरी में अखबारों की सप्लाई रोकनी पड़ी।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द भुगतान कर वाचनालय में अखबारों की व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि आम पाठकों और विद्यार्थियों को फिर से सुविधा मिल सके।


