बस्तर

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर महारानी अस्पताल में महिला स्वास्थ्य शिविर
08-May-2026 9:11 PM
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर महारानी अस्पताल में महिला स्वास्थ्य शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 8 मई। विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आज जगदलपुर के महारानी अस्पताल में महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की एक नई मिसाल देखने को मिली। राज्यपाल के निर्देशों के परिपालन में और जिला प्रशासन बस्तर के कुशल मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय द्वारा एक विशेष महिला स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया।

  शिविर के दौरान अस्पताल परिसर में चिकित्सा जगत की आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे नजर आईं, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग, स्त्री रोग संबंधी जटिल परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने उपस्थित महिलाओं को परामर्श देते हुए इस बात पर विशेष बल दिया कि बीमारियों का समय पर पता चलना ही उनके सफल उपचार की पहली सीढ़ी है।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक  किरण देव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दिनेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय एवं नगर निगम की स्वास्थ्य समिति के सभापति लक्ष्मण झा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी अतिथियों ने जिला चिकित्सालय के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण ही एक स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का आधार है।

इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान के सफल संचालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक और सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण रही कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना का विस्तार हो रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह विश्वास दिलाया गया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन सतत रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि बस्तर की हर महिला को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकें।


अन्य पोस्ट