बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 8 मई। बस्तर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बोधघाट क्षेत्र में टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तिरंगा चौक मिशन स्कूल के पास एक युवक चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक डी. धोत्रे सुमित कुमार दत्ता हरिराव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम हरीश तंती जगदलपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया।


