बस्तर

विधायक ने किया पानी टैंकरों का वितरण
07-May-2026 10:17 PM
विधायक ने किया पानी टैंकरों का वितरण

जगदलपुर, 7 मई। चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पानी टैंकरों का वितरण किया। यह कार्यक्रम दरभा ब्लॉक के ग्राम पंचायत छिन्दावाड़ा एवं लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत हर्राकोडेर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोयल ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में कई गांवों में जल संकट गंभीर रूप ले लेता है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए पानी टैंकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में स्थायी जल व्यवस्था विकसित करने के प्रयास जारी हैं। जल संरक्षण, नए जल स्रोतों का निर्माण और पुराने स्रोतों के पुनर्जीवन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि पानी टैंकरों की सुविधा से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी और दैनिक जीवन में आ रही कठिनाइयों में कमी आएगी।

कार्यक्रम के अंत में विधायक गोयल ने सभी से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए ‘जल है तो कल है’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट