बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 मई। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में शनिवार को धरमपुरा स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कुल 181 नागरिकों ने अपनी जांच कराई और शासन द्वारा प्रदान की जा रही नि:शुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। शिविर की एक उल्लेखनीय उपलब्धि टीबी संक्रमण की त्वरित पहचान रही, जिसके तहत उच्च जोखिम वाली जनसंख्या के 96 लोगों का पोर्टेबल मशीन के माध्यम से मौके पर ही एक्स-रे परीक्षण किया गया।
विशेषज्ञ सेवाओं की कड़ी में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश ध्रुव एवं फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रेखा चौहान ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए हड्डियों और जोड़ों के दर्द से पीडि़त 43 मरीजों का गहन परीक्षण व उपचार किया। व्यापक स्तर पर की गई जांचों के दौरान स्वास्थ्य टीम द्वारा 161 लैब टेस्ट, 69 मरीजों की बीपी जांच और 47 मरीजों की शुगर जांच संपन्न की गई। इसके अतिरिक्त, शिविर में आए 110 लोगों की ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कर उन्हें दांतों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
दृष्टि दोष के निवारण हेतु नेत्र विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 65 लोगों का नेत्र परीक्षण किया, जिसमें मोतियाबिंद से ग्रसित 10 नए मरीजों की पहचान की गई। इन सभी चिन्हित मरीजों को बेहतर सर्जरी एवं उपचार हेतु जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस पूरे स्वास्थ्य महाकुंभ को सफल बनाने में डॉ. लक्ष्मी, डॉ. शमीम, नेत्र विभाग की टीम, शहरी स्वास्थ्य मितानिनों, मितानिन प्रशिक्षकों एवं शहरी स्वास्थ्य टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत आयोजित इस प्रकार के शिविर दूरस्थ और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति एक नई चेतना जागृत कर रहे हैं।


