बस्तर

गांजा संग महाराष्ट्र के 2 आरोपी गिरफ्तार
02-May-2026 3:53 PM
गांजा संग महाराष्ट्र के 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 2 मई। बस्तर पुलिस ने 10.952 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 5,47,600 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना नगरनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धनपुंजी फारेस्ट नाका एनएच-63 पर की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अखिल मोहम्मद शेख (60 वर्ष) निवासी वरोरा जिला चंद्रपुर (महाराष्ट्र) और संतोष शंकरराव बावणकर (50 वर्ष), निवासी चिमुर, जिला चंद्रपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से विमल पान मसाला के पीले बैग में रखे दो पैकेटों में कुल 10.952 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत 6,500 रुपये) और 2,170 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 5,56,270 रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सप्लाई करने वाले थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट