बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 अप्रैल। डिजिटल भारत के सशक्त निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने परिवार की जनगणना प्रक्रिया स्वयं पूरी की। इस कदम के जरिए उन्होंने आम नागरिकों को तकनीक के उपयोग से जुडऩे और राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
विधायक गोयल ने कहा कि जनगणना केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। सटीक और समय पर प्राप्त आंकड़े शासन को बेहतर योजनाएं बनाने में मदद करते हैं, जिससे समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जा सकता है। स्वयं ऐप के जरिए जनगणना कर उन्होंने यह संदेश दिया कि हर नागरिक आसानी से इस प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।
विधायक ने लोगों से अपील की कि वे जागरूक बनें और अपने परिवार की जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में जनभागीदारी ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।


