बस्तर

अस्पताल के खिलाफ अनियमितताओं की जांच की मांग
29-Apr-2026 4:48 PM
अस्पताल के खिलाफ अनियमितताओं की जांच की मांग

 कांग्रेसियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 29 अप्रैल। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर बस्तर को ज्ञापन सौंपकर कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के खिलाफ अनियमितताओं की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों से परामर्श शुल्क के रूप में राशि ली जा रही है, जो उनके अनुसार शासन के निर्देशों के विपरीत है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

इसके अलावा, ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा सरकारी अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों को अपने यहां कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे जिला अस्पताल और शहीद बलिराम कश्यप शासकीय मेडिकल कॉलेज में सेवाओं पर प्रभाव पडऩे की बात कही गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने मांग की है कि अस्पताल के संचालन से संबंधित अनुबंध की शर्तों की जांच की जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

 ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना,प्रशांत जैन, युंका अध्यक्ष निकेत राज झा,महामंत्री अभिषेक नायडू,जाहिद हुसैन,अल्ताफ उल्ला खान, विजेन्द्र ठाकुर, नीतीश शर्मा, सलीम अली आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट