बस्तर

बस्तर में सोशल मीडिया क्रिएटर्स मीट में शामिल हुए देशभर के यूट्यूबर्स और क्रिएटर्स
19-Apr-2026 10:02 PM
बस्तर में सोशल मीडिया क्रिएटर्स मीट में शामिल हुए देशभर के यूट्यूबर्स और क्रिएटर्स

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 19 अप्रैल। देशभर के सोशल मीडिया क्रिएटर्स बस्तर भ्रमण के दौरान रविवार को आसना स्थित बादल संस्था में बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक संस्कृति की झलक देख अभिभूत हुए।

इस मौके पर पदमश्री डॉ रामचन्द्र गोड़बोले एवं पदमश्री सुनीता गोड़बोले और सांसद बस्तर महेश कश्यप ने बदलते बस्तर की तस्वीर को साझा करने का आह्वान करते हुए कहा कि अब बस्तर में परिस्थितियाँ बदल चुकी है और हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप बस्तर से माओवाद की समस्या खत्म हो गई है और अब बस्तर संभाग को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, प्रचुर खनिज संपदा, पुरातात्विक धरोहर,बस्तर के लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान किए जाने का आग्रह किया ।

इस अवसर पर डाक्यूमेंट्री प्रदर्शित कर बादल संस्था की स्थापना के उद्देश्य बस्तर संभाग की जनजातीय संस्कृति,परम्परा,रीति रिवाज, तीज एवं त्योहार, लोकगीत-लोक संगीत,लोक नृत्य, लोक कला, शिल्प कला, पारंपरिक वाद्य यंत्र, स्थानीय व्यंजन, बोली आदि को संरक्षित एवं संवर्धित कर भावी पीढ़ी को हस्तांतरित करने और इसके संबंध में देश-दुनिया को परिचित कराने के प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ से सम्बद्ध बादल संस्था में संचालित लोक संगीत,शास्त्रीय नृत्य एवं गायन, वादन सम्बन्धी पाठ्यक्रमों के बारे में अवगत कराया गया।

ज्ञात हो कि उक्त उद्देश्य के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 2021 में स्थापित बस्तर एकेडमी आफ डांस, आर्ट एंड लिटरेचर ( बादल ) के माध्यम से बस्तर की जनजातीय संस्कृति, कला, बोली और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सकारात्मक पहल किया जा रहा है और इस संस्था में जनजातीय समाज के प्रमुखों एवं पदाधिकारियों को जोड़ा गया है।जिससे उक्त संस्था की गतिविधियों और कार्यकलापों में इन सभी की सहभागिता के साथ ही समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने तथा संवर्धन करने के लिए जनजातीय समाज का निरंतर अमूल्य सुझाव मिल सके।

सोशल मीडिया क्रिएटर्स मीट के मौके पर बादल संस्था के कलाकारों द्वारा बस्तर की पारंपरिक लोकगीतों की सुमधुर प्रस्तुति देकर दर्शकों को साथ में थिरकने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान दर्शकों विशेष तौर पर देश भर से आए यूट्यूबर्स एवं सोशल मीडिया क्रिएटर्स भी इन कलाकारों का साथ देकर उनका उत्साहवर्धन किया।आरंभ में बादल संस्था के कलाकारों द्वारा बस्तर के लोक कलाकारों के लोकनृत्य की प्रस्तुति के साथ अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस मौके पर आईजी बस्तर रेंज  सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे ।


अन्य पोस्ट