बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 अप्रैल। शहर के प्रमुख और ऐतिहासिक सिरहासार चौक में स्थित गांधी प्रतिमा और अमर जवान स्मारक इन दिनों बदहाली का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रीय सम्मान और सार्वजनिक स्मृति से जुड़े इन स्थलों के आसपास निर्माण मलबे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए हैं, जिससे पूरा परिसर अव्यवस्थित और उपेक्षित नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब दो महीने पहले पुलिया निर्माण के लिए खुदाई की गई थी। खुदाई से निकला मलबा स्मारक परिसर के पास ही डाल दिया गया, जिसे अब तक हटाया नहीं गया है। हालात ऐसे हैं कि गांधी प्रतिमा तक जाने का रास्ता भी प्रभावित हो गया है, जबकि अमर जवान स्मारक के आसपास भी गंदगी और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।
मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि प्रतिमा के सामने मिट्टी का ऊंचा ढेर लगा है और पीछे अधूरा निर्माण कार्य पड़ा हुआ है। यह स्थिति केवल सफाई की कमी नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही को भी दर्शाती है। शहर के केंद्र में स्थित ऐसे महत्वपूर्ण स्थल की यह हालत अन्य सार्वजनिक स्थानों की स्थिति पर भी सवाल खड़े करती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन स्मारकों की सुध केवल राष्ट्रीय पर्व, जयंती या पुण्यतिथि जैसे खास अवसरों पर ही ली जाती है। उन दिनों साफ-सफाई, माल्यार्पण और औपचारिक कार्यक्रम होते हैं, लेकिन साल के बाकी समय देखरेख लगभग नहीं के बराबर रहती है। इससे इन स्थलों के सम्मान पर भी प्रश्न उठता है।
लोगों ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य चल रहा था, तो मलबा हटाने और स्मारक परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए थी। लंबे समय तक मलबे का पड़ा रहना निगरानी तंत्र की निष्क्रियता को दर्शाता है।


