बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 अप्रैल। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बोधघाट क्षेत्र से 54 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 26.97 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान के कुछ युवक जगदलपुर स्थित एक धर्मशाला में ठहरे हुए हैं, जहां सुकमा के दो व्यक्ति उनके लिए गांजा लेकर पहुंचे हैं। सभी आरोपी अवैध मादक पदार्थ को बाहर ले जाने की तैयारी में थे।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गोयल धर्मशाला के एक कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान चार अलग-अलग बैग से कुल 54 किलो गांजा बरामद किया गया। साथ ही आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास, देशराज कुशवाहा सभी निवासी धौलपुर, राजस्थान, पंकज उपरेती आगरा, उत्तर प्रदेश, तथा राम सिंह और दुबराज कश्यप दोनों निवासी सुकमा, छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।