बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 9 अप्रैल। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई है। समय रहते पुलिस की तत्परता से युवती की जान बचा ली गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भानपुरी निवासी युवती का पारिवारिक कारणों से विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से निकलकर नारायणपाल मंदिर के पास स्थित पुल पर पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लोहंडीगुड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए जवानों ने नदी में छलांग लगाकर युवती को बाहर निकाला। इस दौरान युवती बेहोश हो गई थी। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसे होश आया।
होश में आने पर युवती ने अपने परिजनों की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस का आभार जताते हुए युवती को अपने साथ ले गए।
पुलिस ने अपील की है कि किसी भी मानसिक या पारिवारिक तनाव की स्थिति में लोग इस प्रकार के कदम न उठाएं और समय रहते परिजनों या संबंधित अधिकारियों से मदद लें।