बस्तर

दो दशक बाद इंद्रावती के जंगलों में लोकतंत्र की दस्तक, पूर्व मंत्री गागड़ा का ऐतिहासिक दौरा
09-Apr-2026 10:39 PM
दो दशक बाद इंद्रावती के जंगलों में लोकतंत्र की दस्तक, पूर्व मंत्री गागड़ा का ऐतिहासिक दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 9 अप्रैल। कभी नक्सल आतंक की गिरफ्त में रहा इंद्रावती नेशनल पार्क का घना जंगल अब बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। माओवाद के प्रभाव के खत्म होने के बाद करीब दो दशक में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने इस क्षेत्र का दौरा किया है।

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा अपने कार्यकर्ताओं के साथ सागमेटा और पिल्लूर गांव के लिए रवाना हुए। सागमेटा वही इलाका है, जहां कभी नक्सलियों ने बैरिकेडिंग कर रखी थी और उनकी अनुमति के बिना कोई भी नेशनल पार्क में प्रवेश नहीं कर सकता था। बीते करीब 20 वर्षों तक यह पूरा क्षेत्र नक्सल प्रभाव में रहा, जहां जनप्रतिनिधियों का प्रवेश लगभग असंभव था। बताया जाता है कि 2007 के बाद से करीब 2200 वर्ग किलोमीटर का यह इलाका पूरी तरह नक्सलियों के कब्जे में था।

हालांकि, हालात में बड़ा बदलाव तब देखने को मिला जब माओवादियों का अंतिम एसजेडसी लीडर पापा राव 31 मार्च 2026 के बाद सामने आया। इसके बाद हालात में बड़ा बदलाव देखने को मिला। 

पूर्व मंत्री गागड़ा का यह दौरा केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि वर्षों से दहशत झेल रहे इस क्षेत्र के लिए एक प्रतीकात्मक बदलाव भी माना जा रहा है। जिन रास्तों पर कभी सन्नाटा और खौफ पसरा रहता था, वहां अब जनजीवन की हलचल सुनाई देने लगी है।

जमीनी स्तर पर विकास कार्य भी अब नजर आने लगे हैं। पगडंडियों की जगह सडक़ों का निर्माण हो रहा है, गांवों तक बिजली पहुंचाई जा रही है और सुरक्षा बलों के कैंप स्थापित किए जा चुके हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन दिख रहा है। बच्चे अब खुले माहौल में खेल रहे हैं और लोग बिना भय के अपनी बात रख पा रहे हैं।

बीजापुर का यह इलाका अब लाल आतंक की छाया से बाहर निकलकर लोकतंत्र और विकास की राह पर अग्रसर होता दिखाई दे रहा है। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने जगह जगह फूल मालाओं से उनका स्वागत किया।


अन्य पोस्ट