बस्तर

रफ्तार पिकअप ने स्कूटी को मारी टक्कर, पेड़ से जा टकराई
08-Apr-2026 11:00 PM
रफ्तार पिकअप ने स्कूटी को मारी टक्कर, पेड़ से जा टकराई

दो युवतियां घायल, चालक गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 8 अप्रैल। जगदलपुर शहर के दलपत सागर के पीछे स्थित सडक़ पर बुधवार दोपहर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज गति से चल रही पिकअप  ने स्कूटी सवार दो युवतियों को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन सहित पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि स्कूटी सवार दोनों युवतियों को भी चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और स्कूटी से टकराने के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गया और पलट गया।

टक्कर के बाद चालक वाहन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण रही। चालक के पैर में गंभीर चोट (फ्रैक्चर) आने की भी जानकारी सामने आई है।

 पहले भी हो चुके हैं हादसे

स्थानीय लोगों के अनुसार, दलपत सागर के पीछे का यह मार्ग पहले भी कई हादसों का गवाह रह चुका है। यहां तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक लापरवाही बरतते हैं।

हाल के दिनों में इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें गंभीर चोटों और एक मौत की घटनाएं भी शामिल हैं।


अन्य पोस्ट