बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 8 अप्रैल। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए थाना बोधघाट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 10.09 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 5,04,500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से ओडिशा से जगदलपुर की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित कर अडावाल रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, जिसमें एक नीले बैग में तीन पैकेट में पैक गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गणपति माली और श्याम सुंदर बीसाई निवासी जिला कोरापुट ओडिशा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और 500 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


