बस्तर
धारा 49 के विलोपन पर सरकार गंभीर
किरण देव सिंह ने दिया निर्णायक आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर 8 अप्रैल। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रथम शाखा कार्यालय का जगदलपुर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव सिंह ने लोकार्पण किया । इस अवसर पर आयोजित संभागीय सम्मेलन में पेंशनरों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
मुख्य अतिथि किरण देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पेंशनरों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 के विलोपन के विषय में गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विषय छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों के साथ-साथ केंद्र सरकार एवं केंद्रीय गृह मंत्रालय से जुड़ा हुआ है, जिसे पेंशनरों के हित में मजबूती के साथ केंद्र स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेंशनरों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी एच सुरेश ने की। उन्होंने कहा कि महासंघ 22 राज्यों में पेंशनरों के हित में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ इकाई के कार्यों की सराहना करते हुए इसे देश में अग्रणी बताया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने मुख्य अतिथि के समक्ष पेंशनरों की विभिन्न महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें धारा 49 का विलोपन, बस यात्रा में छूट के आदेश का पालन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की पूर्व सेवा अवधि को पेंशन में जोडऩा, मंत्रालय में प्रवेश के लिए पृथक व्यवस्था, डिजिटल पेंशन कार्ड जारी करना, पेंशन कल्याण निधि नियमों में संशोधन, अधिक भुगतान के नाम पर की जा रही वसूली पर रोक, कम्युटेड पेंशन की अवधि 11 वर्ष करना तथा पेंशनर कल्याण आयोग की स्थापना शामिल रहीं।
संभागीय अध्यक्ष आर.एन. ताटी ने अपने संबोधन में कहा कि महासंघ ने बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर और बस्तर जिलों में पेंशनरों के बीच अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है। उन्होंने कार्यालय स्थापना में सहयोग के लिए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यालय पेंशनरों के लिए विचार-विमर्श एवं समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र बनेगा। सम्मेलन में राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी यादव, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष बी.एस. दसमेर, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ संयोजक श्रीमती लता चावड़ा जिला रायपुर अध्यक्ष आर जी बोहरे सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती परमजीत कौर ने आभार प्रदर्शन संभागीय सचिव किशोर कुमार जाधव ने किया। आयोजन की सफलता में सुश्री अनिता राज, शिव कुमार मिश्रा, सुरेश कुमार दलई, तुलेश्वर नाग, एस.डी. माझी, अब्दुल सत्तार खान, मुकेश वासनिक एवं एम.डी. राठौर सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।


