बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 अप्रैल। बस्तर पुलिस ने गुंडागर्दी और चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक आदतन बदमाश हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला थाना बोधघाट क्षेत्र का है, जहां नयामुंडा निवासी गोल्डी राय ने एक घर की खिडक़ी तोडक़र अंदर घुसकर 6,300 रुपये की चोरी की। वहीं, दूसरे मामले में नयामुंडा तिरंगा चौक निवासी आशीष कश्यप उर्फ आशु पर आरोप है कि उसने एक महिला के घर में घुसकर शराब पीने और अवैध काम के लिए पैसे की मांग की। मना करने पर उसने गाली-गलौज की, मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
दोनों मामलों में थाना बोधघाट में अलग-अलग अपराध दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर की टीम ने आरोपियों को 31 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, पेचकश और 1,600 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।


