बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 मार्च। नगर निगम की आगामी सामान्य सभा को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि कांग्रेस पार्षदों की पूरी टीम निष्क्रिय महापौर और निगम प्रशासन को घेरने की तैयारी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
चौधरी ने कहा कि महापौर केवल झूठे दावों और प्रचार के सहारे जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि वास्तविक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले साल दिए गए सुझावों पर अब तक अमल क्यों नहीं हुआ और फिर से जनता से सुझाव मांगना केवल दिखावा है।
उन्होंने कहा कि अब जनता सुझाव नहीं, बल्कि जवाब चाहती है—कि इतने वर्षों में शहर के लिए क्या किया गया। स्वच्छता को लेकर भी महापौर पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि इंदौर की तर्ज पर जगदलपुर कब स्वच्छ बनेगा, या यह भी सिर्फ एक जुमला बनकर रह जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष ने शहर की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए दलपत सागर की खराब हालत, फिल्टर प्लांट में सफाई की कमी और दूषित पेयजल की समस्या को गंभीर बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर केवल विज्ञापनों और प्रचार के माध्यम से अपनी छवि चमकाने में लगे हुए हैं। कर वसूली को लेकर भी उन्होंने निगम प्रशासन को घेरा और कहा कि संपत्ति कर का निर्धारण निर्धारित स्लैब के अनुसार होना चाहिए।
अवैधानिक वसूली को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
राजेश चौधरी ने बताया कि सामान्य सभा में कांग्रेस पार्षद दल एक साल के कार्यकाल का पूरा हिसाब मांगेगा। उन्होंने कहा कि इस एक साल में शहर की स्थिति बदहाल हुई है। गर्मी में जल संकट गहराया, बुजुर्ग पेंशनधारियों की स्थिति खराब हुई, अटल आवास और आवास योजनाओं की हालत बिगड़ी, निगम कर्मचारी परेशान रहे, राशन और अन्य योजनाओं के हितग्राही भटकते रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी मुद्दों पर महापौर को जवाब देना होगा और जनता के सामने सच्चाई रखनी होगी।


