बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 मार्च। आसना स्थित बस्तर हेरिटेज सोसाईटी बादल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 132वीं कड़ी को बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम केवल एक संवाद नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त मार्गदर्शिका है। उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया युद्ध और आर्थिक अस्थिरता के दौर से गुजर रही है, तब मोदी का कुशल नेतृत्व ही है जो 140 करोड़ भारतीयों को सुरक्षित महसूस कराता है। सांसद कश्यप ने आगे कहा कि बस्तर के विकास और यहाँ के संसाधनों के संरक्षण के लिए हमें प्रधानमंत्री जी के जल संरक्षण और वृक्षारोपण के आह्वान को एक जन-आंदोलन बनाना होगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आज देश के मछुआरों को समुद्र का योद्धा और आत्मनिर्भर भारत की नींव बताकर मेहनतकश वर्ग का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर के युवाओं द्वारा खेल के मैदान में हासिल की गई उपलब्धि यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर देश का युवा किसी भी ऊंचाई को छू सकता है। पांडे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्षी दलों और असामाजिक तत्वों द्वारा फैलायी जा रही किसी भी अफवाह का खंडन करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी आम जनता तक पहुँचाएं।
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ राम कश्यप,जिला महामंत्री परिस राम बेसरा,जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, नगरनार मण्डल अध्यक्ष महेंद्र सेठिया और महामंत्री मनोज पटेल सहित भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


