बस्तर

छापर भानपुरी में 36 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
21-Mar-2026 10:46 PM
छापर भानपुरी में 36 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 21 मार्च। तोकापाल ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत छापर भानपुरी में शनिवार को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चित्रकोट  विधायक विनायक गोयल द्वारा लगभग 36 लाख रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

भूमिपूजन कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक भवन निर्माण, सीसी सडक़ निर्माण कार्य तथा जलनी माता गुड़ी निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इन योजनाओं के माध्यम से ग्राम पंचायत के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक  विनायक गोयल ने कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक सुसज्जित स्थान मिलेगा, वहीं सीसी सडक़ के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। जलनी माता गुड़ी के निर्माण से क्षेत्र की धार्मिक आस्था को भी सुदृढ़ता मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और निर्माण कार्यों की निगरानी में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।


अन्य पोस्ट