बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 मार्च। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र के ग्राम तोकापाल में बुधवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन किया था और बाद में अपनी प्रेमिका के कार्यस्थल (सेंटर) पहुंचा।
बताया जा रहा है कि बोधघाट निवासी हिमांशु मौर्य और युवती के बीच लंबे समय से प्यार था। घटना के दिन युवक ने युवती से बातचीत के दौरान अपनी तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं—जहरीले पदार्थ के सेवन, व्यक्तिगत संबंधों और घटनाक्रम—की जांच की जा रही है।
इस घटना की जानकारी लगने के बाद माँ का रो रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि हिमांशु व उसकी प्रेमिका के बीच करीब 8 वर्ष से प्यार चल रहा था, वहीं प्रेमिका हर जगह उसके साथ आना जाना करती थी। इसके अलावा दोनों परिवार को इस बात की भी जानकारी थी, लेकिन अचानक से कुछ दिनों से प्रेमिका के द्वारा बात नहीं करने से परेशान युवक घर से बिना खाये निकला और कहीं से अज्ञात जहर खरीदकर उसे खाकर गया। जहाँ युवती को इस बात की जानकारी थी कि युवक ने जहर का सेवन किया है, फिर भी उसे अस्पताल न ले जाकर अपने पिता को जानकारी दी। पिता ने मौके पर पहुँच युवक को परपा पुलिस की मदद से अस्पताल पहुचाया, जहाँ युवक की मौत हो गई।
मृतक के परिवार में उसकी मां और छोटा भाई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


