बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 15 मार्च। घरेलू गैस सिलेंडर की कथित कमी, बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों में वृद्धि को लेकर बस्तर जिला महिला कांग्रेस ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर और चूल्हा जलाकर सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद और ग्रामीण अध्यक्ष चम्पा ठाकुर ने किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद ने कहा कि शहर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग घंटों लाइन में लगकर गैस सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित है और कालाबाजारी भी बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की समस्या के कारण आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है। यदि गैस की कीमतों में कमी और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो महिला कांग्रेस आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पूर्व सभापति कविता साहू, ग्रामीण महामंत्री सुभाष गुलाटी, महामंत्री सुनीता सिंह, अपर्णा वाजपेई, कुसुम नेगी, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा सहित महिला कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


