बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 15 मार्च। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र के ग्राम बास्तानार में रविवार की दोपहर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दो युवकों ने तत्काल कार से कूदकर जान बचाई। इस दौरान कार आग की चपेट में पूरी तरह से जल गई। एसडीआरएफ की टीम ने आग पर काबू पाया।
दंतेवाड़ा निवासी युवक कार से रविवार की सुबह जगदलपुर के लिए निकले थे। दोपहर को जैसे ही युवकों की कार बास्तानार घाटी के आगे आई कि अचानक कार के सामने से धुंआ निकलने लगा। जब तक कार चालक इस बात को समझ पाता कि अचानक से आग लग गई। आग को बढ़ता देख कार रोककर युवक कूद गए। देखते ही देखते आग फैलने लगी।
घटना की जानकारी कोड़ेनार थाना प्रभारी से लेकर नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को दी गई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने आग को बुझा तो लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।
आसपास के लोगों का कहना था कि गर्मी की वजह और गर्म इंजन के चलते आग तारों में फैली होगी, जिसकी वजह से कार में आग लगी होगी।
कोड़ेनार थाना प्रभारी अमित ने बताया कि कार सर्विसिंग के लिए जगदलपुर जा रही थी और यह घटना घट गई। फिलहाल कार सवार दोनों युवक सुरक्षित है, लेकिन कार पूरी तरह से खाक हो गई, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


