बस्तर

बस्तर सांसद ने किया करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन
14-Mar-2026 10:24 PM
बस्तर सांसद ने किया करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन

बाली उत्सव में भी हुए शामिल, शिक्षा-संस्कृति के संरक्षण पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 14 मार्च। बस्तर लोकसभा के विकासखंड बकावंड के ग्राम कोसमी, राजनगर, बोरीगाँव और पाउरबेल में बस्तर सांसद महेश कश्यप एक दिवसीय सघन प्रवास पर रहे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामों में पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों और पारंपरिक लोक कलाकारों ने गाजे बाजे के साथ बस्तर सांसद महेश कश्यप का आत्मीय व भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पहारों और पारंपरिक तिलक के साथ अपने जनप्रतिनिधि का अभिनंदन किया।

सांसद श्री कश्यप ने इस दौरे के माध्यम से क्षेत्र के शैक्षणिक और सांस्कृतिक ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने ग्राम कोसमी और तोंगकोंगेरा में 100-100 सीटर प्री-मैट्रिक छात्रावास भवनों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन छात्रावासों के निर्माण से वनांचल और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को रहने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए सुसज्जित एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम बोरीगाँव में हाई स्कूल भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुगमता बढ़ेगी।

क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और देव-परंपरा के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सांसद श्री कश्यप ने राजनगर में बाली उत्सव हेतु विशेष मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने राजनगर और पाऊरबेल में आयोजित बाली उत्सव में शामिल हुए। उत्सव के दौरान उन्होंने स्थानीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर बस्तर की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास केवल सडक़ों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी देव संस्कृति और परंपराओं को सहेजना भी हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे,भाजपा मंडल अध्यक्ष तरुण पांडे, जितेंद्र पाणिग्रही, पीतांबर कश्यप,धनुर्जय कश्यप,अनिल बीसाई, उपस्थिति रहे।


अन्य पोस्ट