बस्तर
कोरापुट में हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 7 मार्च। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने अपने ओडिशा प्रवास के दौरान सपरिवार प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्तेश्वर महादेव टेम्पल पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शबरी नदी के पावन तट पर स्थित यह प्राचीन गुफा मंदिर क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक माना जाता है।
मान्यता है कि इस स्थान का संबंध रामायण काल से जुड़ा हुआ है। जनश्रुतियों के अनुसार भगवान श्रीराम ने अपने वनवास काल के दौरान दंडकारण्य क्षेत्र में प्रवास करते हुए इसी स्थान पर भगवान शिव की गुप्त आराधना की थी। सांसद महेश कश्यप ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके पश्चात सांसद महेश कश्यप कोरपूत जिले में आयोजित हनुमान मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। इस गरिमामयी धार्मिक आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ संपन्न हुआ, जिसमें सांसद ने भी भाग लिया।


