बस्तर

क्षेत्र में बिछेगा सडक़ों और पुलियों का जाल
06-Mar-2026 10:18 PM
 क्षेत्र में बिछेगा सडक़ों और पुलियों का जाल

वन मंत्री केदार कश्यप ने विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 6 मार्च। बस्तर के विकास और जन-सुविधाओं की दिशा में शुक्रवार को नई शुरुआत हुई, जहाँ आधुनिक तकनीक और बुनियादी ढांचे का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र के स्वास्थ्य परिदृश्य को पूरी तरह बदलने के उद्देश्य से बस्तर जिले में ‘हेल्थ एटीएम’ सेवा का ऐतिहासिक शुभारंभ किया गया है। राज्य शासन के वन मंत्री केदार कश्यप ने भानपुरी स्थित सिविल अस्पताल में इस हाईटेक स्वास्थ्य सुविधा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

  स्वास्थ्य क्षेत्र में इस डिजिटल क्रांति के साथ-साथ नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास का शंखनाद भी गूँजा। वन मंत्री श्री कश्यप ने क्षेत्रवासियों को 36.50 लाख रुपये के निर्माण कार्यों की सौगात देते हुए ग्राम राजपुर और खडक़ा में विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देते हुए सालेमेटा और राजपुर सरगीगुड़ा में नई सीसी सडक़ों की आधारशिला रखी गई, जो ग्रामीणों को कीचड़ और दुर्गम रास्तों से स्थायी निजात दिलाएंगी। इसके अलावा, तिरथा, सुधापाल और खडक़ा में नई पुलियों के निर्माण से मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान होगा और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से बना रहेगा।

सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए घोटिया दुलारदई गुड़ी में एक नवीन सामुदायिक भवन के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। इन सभी विकास कार्यों और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के एकीकृत प्रयासों ने बस्तर में हर्ष और उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य  निर्देश दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट