बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 फरवरी। बस्तर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत इच्छापुर में आज ‘वी. बी. जीराम जी जनचौपाल ’ का आयोजन किया गया। इस विशेष जनचौपाल में बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
ग्राम आगमन पर ग्रामीणों ने सांसद महेश कश्यप का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय और भव्य स्वागत किया। सभा को संबोधित करने से पूर्व सांसद ने स्थानीय मंदिर में बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और समूचे बस्तर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। भक्तिभाव के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला।
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए एक महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बताया कि अब प्रति ग्रामीण परिवार को वर्ष में 125 दिन का अकुशल शारीरिक रोजगार प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व में मनरेगा के तहत केवल 100 दिनों के रोजगार का प्रावधान था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। सांसद ने कहा कि इस अतिरिक्त रोजगार से ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।
योजना के क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी देते हुए सांसद कश्यप ने स्पष्ट किया कि इस पूरी योजना का प्रबंधन अब सीधे ग्राम पंचायतों द्वारा किया जाएगाद्य भ्रष्टाचार और गड़बडिय़ों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अब डिजिटल प्रणाली को अपनाया गया है। अब कार्यों में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण को अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे वास्तविक मजदूरों को ही लाभ मिले।
सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अब उन्हें अपनी मजदूरी के लिए लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने साप्ताहिक मजदूरी भुगतान की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की है।
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। श्री कश्यप ने प्रत्येक आवेदन को ध्यानपूर्वक सुना और सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण हेतु कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सुविधा पहुँचाने की है।
इस अवसर पर भाजपा मण्डल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता,स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


