बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 25 फरवरी। इंद्रावती नदी में मंगलवार रात एक युवक के कूदने की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय तरुण दास, जो एक महिला आरक्षक का पुत्र है, ने घटना से पहले अपनी मां को फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने कहीं जाने की बात कही और फोन बंद कर दिया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के पास इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां से चप्पल और मोबाइल फोन मिला। कुछ स्थानीय युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक युवक को नदी में कूदते देखा था।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर सेना की एसडीआरएफ टीम और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। देर रात तक युवक का पता नहीं चल सका था।पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दे दी है। युवक के इस कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल खोजबीन जारी है।


