बस्तर
जगदलपुर, 23 फरवरी। नारायणपुर जिले के एनसीसी कैडेट्स को माँ दंतेश्वरी हवाई अड्डा, जगदलपुर में विमानन गतिविधियों को नजदीक से देखने का अवसर मिला। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित किया गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विमान संचालन, हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली और विमानन क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने अधिकारियों से विमान उड़ाने की प्रक्रिया और इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण संबंधी प्रश्न भी पूछे।
कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर विवेक कुमार साहू से फाइटर पायलट बनने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। विंग कमांडर ने चयन प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मानकों और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फाइटर पायलट बनने के लिए शैक्षणिक अनुशासन, तकनीकी विषयों में रुचि और शारीरिक फिटनेस आवश्यक है। जिला प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर विकल्पों से अवगत कराना है।


