बस्तर

अबूझमाड़ में नक्सल डंप बरामद, डायरी सहित सामान जब्त
18-Feb-2026 4:06 PM
अबूझमाड़ में नक्सल डंप बरामद, डायरी सहित सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर/नारायणपुर, 18 फरवरी। नक्सल विरोधी अभियान के तहत नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षा बलों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 38वीं वाहिनी ने सघन सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक डंप का पता लगाकर भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीओबी जाटलूर से संचालित अभियान के दौरान संदिग्ध स्थान की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डंप से हैंड ग्रेनेड, पावर बैंक, डायरी, बैनर, प्रेस सामग्री, कैमोफ्लाज बैग, पुरुष एवं महिला कपड़े, नक्सली वर्दी, बैडशीट, रैंक (स्टार), टॉर्च, ईयरफोन, फोटोग्राफ एवं दवाइयां सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, डंप से मिली डायरी को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डायरी में दर्ज विवरण की जांच की जा रही है, जिससे संगठन की गतिविधियों, संपर्क सूत्रों और संभावित योजनाओं के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है।

सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट