बस्तर
रिपोर्ट के बाद भी आरोपी को नहीं किया गिरफ्तार, परिजनों ने थाने के बाहर दिया धरना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 5 जनवरी। दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ले में एक युवक के द्वारा 30 दिसम्बर को एक मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ रेप की कोशिश की गई, लेकिन इस घटना के बाद परिजनों ने जब थाने में मामला दर्ज कराया तो आरोपी को घटना के 6 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं किया गया, जिसके चलते परिजनों ने बीती रात बचेली थाना के सामने धरना दिया, वहीं मामले में लीपापोती का आरोप भी परिजन लगा रहे हैं।
ज्ञात हो कि बचेली के वार्ड नंबर 10 में रहने वाले एक परिवार ने वार्ड के ही एक युवक पर आरोप लगाते हुए बताया कि एक मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ रेप करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों के आ जाने के बाद वह सफल नहीं हो पाया और भाग गया। इस घटना के बाद युवती के परिजनों ने 30 दिसम्बर को ही बचेली थाना में मामला दर्ज कराया, लेकिन पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार नही किया, बल्कि उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
आरोपी के छोड़े जाने से नाराज परिजनों ने 6 दिन बाद रविवार को बचेली थाना के सामने धरना दिया गया, जहाँ परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे जानकारी देने के बाद भी आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर है।


