बस्तर

नववर्ष पर मां दंतेश्वरी के दर्शन करने लंबी कतार
01-Jan-2026 9:10 PM
नववर्ष पर मां दंतेश्वरी के दर्शन करने लंबी कतार

राजमहल परिसर में दिखी आस्था की झलक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 1 जनवरी। नववर्ष के अवसर पर गुरुवार  की सुबह से ही जगदलपुर स्थित राजमहल परिसर के प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही देखने को मिली। नए साल की शुरुआत मां दंतेश्वरी के दर्शन के साथ करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवारजनों के साथ मंदिर पहुंचे।

सुबह से ही मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालु दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। श्रद्धालुओं ने धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार किया और मां दंतेश्वरी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। नववर्ष के मौके पर मंदिर परिसर में भक्तिभाव और श्रद्धा का विशेष वातावरण बना रहा।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को क्रमबद्ध रूप से दर्शन कराए गए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

नववर्ष के पहले दिन मां दंतेश्वरी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा गया। सुबह से दोपहर तक मंदिर परिसर में आस्था और विश्वास का यह दृश्य लगातार बना रहा, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।


अन्य पोस्ट